जन्माष्टमी कार्यक्रम में गया परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर; पांच लाख के जेवर चोरी

जन्माष्टमी कार्यक्रम में गया परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर; पांच लाख के जेवर चोरी

सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के सेहुड़ा गांव में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार के लोग गांव में आयोजित कार्यक्रम देखने गए थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे में रखा जेवरों से भरा बक्सा लेकर फरार हो गए।

पीड़ित गोपाल शुक्ल के मुताबिक, रात में गांव में जन्माष्टमी का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार के सभी सदस्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने पतरे के रास्ते छत पर पहुंचकर घर में प्रवेश किया और कमरे में रखा जेवर से भरा बक्सा उठा लिया।

चोर बक्से को लेकर गांव के पश्चिम सिवान में पहुंचे। वहां उन्होंने बक्सा खोलकर उसमें रखे जेवर निकाल लिए और खाली बक्सा वहीं छोड़कर फरार हो गए। कार्यक्रम से लौटने के बाद परिवार को घर में चोरी होने की जानकारी मिली। परिजनों ने घर और आसपास काफी तलाश की, लेकिन बक्सा नहीं मिला।

सुबह गांव के पश्चिम सिवान में खाली बक्सा पड़ा मिला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना देते हुए तहरीर दी। तहरीर के अनुसार, चोर करीब पांच लाख रुपये के जेवरात ले गए हैं। चोरी हुए सामान में छह ग्राम की बिंदिया, करीब 10-10 ग्राम के दो मंगलसूत्र, करीब 15 ग्राम की चेन और अंगूठी, दो अन्य मंगलसूत्र, करीब छह ग्राम की दो अंगूठियां, पांच ग्राम की झुमकी, बच्चों के तीन लॉकेट, चांदी की पाजेब, दो पतली पायल और दो नथिया शामिल हैं।

थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल घटनास्थल से चोरी से संबंधित कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।