दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप और इनवर्टर बरामद

दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप और इनवर्टर बरामद

देहरादून। प्रेमनगर थाना पुलिस ने दुकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लेनोवो कंपनी का लैपटॉप और अमेज कंपनी का इनवर्टर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत व अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

28 सितंबर 2026 को मोहम्मद कादिर निवासी आमवाला विधौली ने थाना प्रेमनगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर लैपटॉप और इनवर्टर चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 305 और 331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों की जानकारी जुटाकर उनका सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रेमनगर क्षेत्र से दो आरोपियों धनंजय पुंडीर उर्फ अंशुल और लविश पुंडीर को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी का लैपटॉप और इनवर्टर बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और नशे व अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

धनंजय पुंडीर उर्फ अंशुल, उम्र 23 वर्ष, निवासी धोलास, सुर देवी मंदिर, प्रेमनगर, देहरादून।

लविश पुंडीर, उम्र 27 वर्ष, निवासी धोलास, सुर देवी मंदिर के पास, प्रेमनगर, देहरादून।

बरामदगी:

लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप

अमेज कंपनी का एक इनवर्टर

पूर्व आपराधिक इतिहास:

मु0अ0सं0 38/25, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना प्रेमनगर, देहरादून।

पुलिस टीम:

उ0नि0 जैनेंद्र राणा, चौकी प्रभारी बिधौली

अ0उ0नि0 रामलाल

कां0 जसवीर

कां0 जगजोत सिंह